
देवास। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में अमलतास हॉस्पिटल, देवास द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अमलतास होम्योपैथी कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया तथा मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
अमलतास ग्रुप के चेयरमैन श्री मयंकराज सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से आयोजित इस सामाजिक पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना था।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेन्द्र सिंह भदौरिया ने विद्यार्थियों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकती है। युवाओं को नियमित रूप से ऐसे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों में भाग लेना चाहिए।” उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के उत्साह और सेवा भावना की सराहना की।
रक्तदान शिविर में महाविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ. विनय पाटीदार, डॉ. अंकित शर्मा एवं डॉ. प्रज्ञा जैन ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान के महत्व एवं इससे जुड़ी आवश्यक जानकारियाँ प्रदान कीं।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने ब्लड बैंक का शैक्षणिक भ्रमण भी किया, जहाँ उन्हें रक्त संग्रह, रक्त परीक्षण, रक्त अवयव पृथक्करण (Blood Component Separation), सुरक्षित भंडारण एवं रक्त वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं व्यावहारिक अनुभव बताया।
कार्यक्रम के अंत में अमलतास होम्योपैथी कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। यह रक्तदान शिविर सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना एवं युवाओं की सकारात्मक सोच का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।


