भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव का जन्मदिवस बुजुर्गों की सेवा, गौसेवा, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ सादगीपूर्वक मनाया

देवास। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव का जन्मदिवस बुधवार को जिलेभर में सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध कार्यक्रमों के साथ सादगीपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, शुभचिंतकों एवं स्नेहीजनों ने जन्मदिवस को जनसेवा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए अनेक सेवा कार्य किए।

जन्मदिवस के अवसर पर जिलेभर के सभी मंडलों एवं शक्ति केंद्रों पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया। सभी ने एक-एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण को ही भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव के प्रति अपनी शुभकामनाओं का प्रतीक बनाया।

इसके पश्चात भाजपा कार्यकर्ता वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां बुजुर्गजनों के साथ पौधारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस अवसर पर सभी बुजुर्गजनों का सम्मान करते हुए उन्हें रेनकोट भेंट किए गए। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों ने केक काटकर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए जन्मदिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इसके बाद सभी बुजुर्गजनों को मिठाई एवं भोजन प्रसादी वितरित की गई।

कार्यक्रम के अगले चरण में भाजपा कार्यकर्ता सयाजी द्वार पहुंचे, जहां विभिन्न प्रजातियों के लगभग 1500 पौधों का वितरण राहगीरों एवं नागरिकों को किया गया। कार्यकर्ताओं ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इसके उपरांत मिल रोड स्थित प्राचीन भोलेनाथ मंदिर परिसर की गौशाला में गौ माता का पूजन-अर्चन कर उन्हें हरा चारा एवं रोटी खिलाई गई। कार्यकर्ताओं ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा का अभिन्न अंग बताते हुए सेवा और संवेदना का संदेश दिया।

भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, शुभचिंतकों एवं स्नेहीजनों ने डॉ. रायसिंह सैंधव के जन्मदिवस पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जन्मदिवस को जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प दिवस के रूप में सादगी, सेवा और समर्पण के साथ मनाया।

उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार एवं भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी दिनेश सांखला ने दी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top