डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका : प्रहलाद पटेल

देवास । भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘स्मरण पक्ष’ के समापन अवसर पर सोमवार सायं 5 बजे क्षिप्रा में क्षिप्रा स्थित कार्यक्रम स्थल पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले भर से आए जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, साहस और सेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनके आदर्श आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री गौरव रणदिवे ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवादी राजनीति को नई दिशा दी। उनके विचारों और सिद्धांतों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति, सेवा कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा सेवा और समर्पण की भावना से कार्य करने का आग्रह किया।

भाजपा जिला प्रभारी श्री धनंजय शर्मा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक तथा स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री रहे। उन्होंने देश में औद्योगिक विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय एकता को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए उनका संघर्ष और बलिदान राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा।

कार्यक्रम में हाटपीपल्या विधायक श्री मनोज चौधरी ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन श्री मनीष सोलंकी ने किया।
आभार विश्वास उपाध्याय ने माना।

सम्मेलन में विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार, विधायक आशीष शर्मा, विधायक राजेश सोनकर, मुरली भंवरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला भेरूलाल अटरिया, महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल, पुर्व विधायक पहाड़ सिंह कन्नौजे, जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top