
चार राज्यों में प्रो-कैम स्लैम किया पूरा, ऐसा करने वाले देवास के पहले धावक बने
देवास के लिए गर्व का पल सामने आया है। शहर के धावक रिजवान कौसर ने चार राज्यों में आयोजित प्रतिष्ठित मैराथनों को पूरा कर प्रो-कैम स्लैम सफलतापूर्वक हासिल किया है। यह उपलब्धि बहुत कम धावकों को प्राप्त होती है और देवास में रिजवान पहले धावक बने हैं जिन्होंने यह कारनामा किया।18 जनवरी को मुंबई की सड़कों पर आयोजित टाटा मुंबई मैराथन में देशभर से हजारों धावकों ने भाग लिया।

इसी मैराथन में रिजवान कौसर ने 42 किलोमीटर की दौड़ 5 घंटे 9 मिनट 35 सेकंड में पूरी कर अपना प्रो-कैम स्लैम पूरा किया।रिजवान ने इस चुनौती की शुरुआत 27 अप्रैल 2025 को बंगलुरु से की, जहां उन्होंने टीसीएस वर्ल्ड 10 किलोमीटर मैराथन को 59 मिनट 19 सेकंड में पूरा किया। इसके बाद 12 अक्टूबर 2025 को दिल्ली में आयोजित वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में 21 किलोमीटर की दौड़ 2 घंटे 15 मिनट 11 सेकंड में पूरी की।फिर 21 दिसंबर 2025 को कोलकाता में हुई टाटा स्टील वर्ल्ड 25 किलोमीटर मैराथन को 2 घंटे 34 मिनट 26 सेकंड में पूरा किया।चार अलग-अलग राज्यों—बंगलुरु, दिल्ली, कोलकाता और मुंबई—में आयोजित मैराथनों को सफलतापूर्वक पूरा कर रिजवान कौसर ने यह साबित किया कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी यह सफलता न केवल देवास बल्कि पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


