चंदाना में हुई मौतों की भ्रामक जानकारी

ग्राम चंदाना में जहरीली शराब से मौतों का भ्रामक दावा, अफवाहों पर ध्यान न दें नागरिक

1 से 15 अक्टूबर के मध्य सामान्य बीमारियों, वृद्धावस्था व स्वास्थ्यगत कारणों से हुईं 10 मौतें, पोस्टमार्टम में जहर की पुष्टि भी नहीं

सोशल मीडिया पर देवास के ग्राम चंदाना में जहरीली शराब के सेवन से 15 से 20 व्यक्तियों की मृत्यु होने संबंधी प्रसारित की जा रही खबरों असत्य और भ्रामक हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गांव में दर्ज हुई मौतें जहरीली शराब के कारण नहीं बल्कि वृद्धावस्थाजनित कारणों, सामान्य बीमारियों, ब्रेन हेमरेज एवं अत्यधिक शराब के सेवन से हुई हैं।

दावा: जहरीली शराब पीने से 15 से 20 ग्रामीणों की मृत्यु हुई

सच: 1 से 15 अक्टूबर 2026 के बीच ग्राम चंदाना में कुल 10 मृत्यु दर्ज हुई हैं। इनमें से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु जहरीली शराब से नहीं हुई है।

दावा: गांव में जहरीली शराब की आपूर्ति की गई।

सच: जांच के दौरान जब्त की गई शराब वैध व लाइसेंसी दुकानों की है। रासायनिक परीक्षण एवं पोस्टमार्टम में किसी भी प्रकार के जहर की पुष्टि नहीं हुई है।

दावा: जहरीली शराब पीने से कई लोग अस्पतालों में भर्ती हैं।

सच: जिले अथवा आसपास के किसी भी स्वास्थ्य केंद्र व अस्पताल में जहरीली शराब के सेवन, दृष्टि दोष या विषाक्तता से संबंधित एक भी मरीज भर्ती नहीं हुआ है।

1 से 15 अक्टूबर के मध्य दर्ज 10 मौतों का वास्तविक विवरण निम्नानुसार है:

वृद्धावस्था व सामान्य कारणों से निधन (5 व्यक्ति): श्रीमती तेजुबाई एवं श्रीमती सुखबाई (उम्र 70 वर्ष से अधिक) का निधन प्राकृतिक कारणों से हुआ। वहीं श्री लखन सिंह, श्री बालू सिंह एवं श्री मोहन जारोला (उम्र 65 वर्ष से अधिक) का निधन सामान्य स्वास्थ्यगत कारणों व वृद्धावस्था के चलते हुआ।

आकस्मिक व अन्य स्वास्थ्य कारणों से मृत्यु (3 व्यक्ति): श्री सुनील चौधरी की मृत्यु नेमावर में ब्रेन हेमरेज होने के कारण हुई। इसके अतिरिक्त श्री दिलीप एवं श्री राहुल की मृत्यु खेत में कार्य करते समय आकस्मिक कारणों से हुई; परिजनों व ग्रामीणों के अनुसार घटना दिवस पर उनके द्वारा शराब का सेवन नहीं किया गया था।

दीर्घकालिक बीमारी व अत्यधिक शराब सेवन (2 व्यक्ति): श्री ओमप्रकाश (35 वर्ष) एवं श्री भीमा पिता काशीराम (60 वर्ष) दोनों पूर्व से अस्वस्थ थे। मजदूरी करने वाले इन दोनों व्यक्तियों की मृत्यु पूर्व की बीमारियों और अत्यधिक शराब पीने की आदत के चलते स्वास्थ्य बिगड़ने से हुई।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही तथ्यहीन और सनसनीखेज अफवाहों पर विश्वास न करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top