नगर निगम ने किया 100 से ज्यादा शिक्षकों का सम्मान

*शिक्षक दिवस पर नगर निगम ने 100 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं का किया सम्मान**शिक्षक हमारे अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर फैलाते हैं शिक्षा का प्रकाश- महापौर

देवास। शिक्षक दिवस पर नगर निगम ने उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने वाले 100 से अधिक शिक्षकों व शिक्षिकाओं का सम्मान शाल-श्रीफल व शील्ड भेंटकर किया। इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती व डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मल्हार स्मृति ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षकों का पाद पूजन भी किया गया। इस सम्मान समारोह में शिक्षकगण भाव-विभोर नजर आए। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। सम्मान के दौरान उपस्थित लोगों ने शिक्षकों के सम्मान में तालियां भी बजाई। इस दौरान 10 शासकीय एवं 5 अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों का भी सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा का बहुत महत्व है। शिक्षक हमारे अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर शिक्षा का प्रकाश फैलाते हैं। यहां जिन शिक्षकों का सम्मान किया जा रहा है, उनके द्वारा शिक्षित विद्यार्थी प्रशासन के उच्च पदों पर आसीन है और कई विद्यार्थी समाज में श्रेष्ठ कार्य कर रहे हैं। आज हम नगर निगम की ओर से शिक्षकों को सम्मानित कर गर्व का अनुभव कर रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने कहा कि डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन दार्शनिक थे। उन्होंने सर्व समाज के उत्थान हेतु शिक्षक के रूप में धरातल पर कार्य कर विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की। गुरु हमारे मार्गदर्शक होकर हमारे अंदर व्याप्त सद्गुणों को विकसित करते हैं। केंद्र सरकार ने शिक्षा पद्धति में व्यापक रूप से परिवर्तन किया है। इससे आज देश में शिक्षा के स्वरूप में परिवर्तन हो रहा है। नेता सत्तापक्ष मनीष सेन ने गुरूजनों को प्रमाण करते हुए कहा कि गुरूजनों को ओहदा बडा होता है। गुरू के बिना ज्ञान अधूरा है। गुरू के द्वारा दी गई शिक्षा एवं संस्कार से उंचे से उंचे पद पर उनका विद्यार्थि जाता है। पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि आज भारतीय संस्कृति व शिक्षा पद्धति विश्व को ज्ञान दे रही है। भगवान श्रीकृष्ण ने भी अर्जुन को गीता का ज्ञान एक गुरु के रूप में ही दिया था। शिक्षक हमारे अस्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गुरु का स्थान देवता से भी बढकर है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी हरिसिंह भारती, भाजपा नेता भेरूलाल अटारिया ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं द्वारा सांस्कृति गीत की प्रस्तुति दी गई। अतिथियों तथा जनप्रतिनिधियों का स्वागत निगम शिक्षा समिति अध्यक्ष पिंकी दायमा एवं प्रतिनिधि संजय दायमा ने किया। इस अवसर पर आयुक्त रजनीश कसेरा, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, महामंत्री पंकज वर्मा, उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया, वित्त एवं लेखा विभाग समिति अध्यक्ष अजय तोमर, योजना एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग समिति अध्यक्ष रामदयाल यादव, पार्षद आलोक साहू, भूपेश ठाकुर, विकास जाट, खुशबू नीलेश वर्मा, ऋतु सवनेर, सोनू परमार, पार्षद प्रतिनिधि अजय पड़ियार, प्रवीण वर्मा, नीलेश वर्मा, गोपाल खत्री, संजय ठाकुर, कार्यालय अधीक्षक अशोक देशमुख, स्वच्छता ब्रांड एंबेसेडर महेश सोनी, विष्णुप्रसाद वर्मा, विपुल अग्रवाल, कैलाश दशोरे आदि सहित शिक्षकगण एवं उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पंकज वर्मा ने किया तथा आभार संजय दायमा ने माना। इस आयोजन की विशेष बात यह रही की यह आयोजन पूर्ण रूप से जीरो वेस्ट (इको फ्रेंडली) रहा अर्थात पूरे कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण हतेशी वस्तुओ का प्रयोग किया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top
अग्निवीर में चयन होने पर महिला की ख़ुशी